AMN

प्रवर्तन निदेशालय ने आज दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार किया। उन्‍हें राष्ट्रीय राजधानी में उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। श्री सिंह पार्टी के तीसरे नेता हैं, जिन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले, आम आदमी पार्टी के नेता सत्येन्द्र जैन और मनीष सिसौदिया भी भ्रष्‍टाचार के मामले में गिरफ्तार किए गए। श्री सिंह की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सच्चाई छिप नहीं सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री सिंह ने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति के क्रियान्वयन में रिश्वत ली है। एक अन्य भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दे रही है। उन्होंने कहा कि वे अब खुद को निर्दोष दिखाकर लोगों की सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी को गैर कानूनी बताया।