Last Updated on September 6, 2026 2:32 pm by INDIAN AWAAZ

AMN/ WEB DESK

अमरीका के दूत आज यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचेंगे। शांति प्रक्रिया के तहत अमरीकी दूतों की यह यूक्रेन की पहली यात्रा है। इससे पहले, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कल क्रेमलिन में अमरीकी दूतों स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से मुलाकात की थी। बातचीत के बाद, राष्ट्रपति पुतिन ने कीव पर रूसी हमलों को तीन दिन के लिए रोकने का आदेश दिया। उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन भी सोमवार तक मॉस्को पर हमले रोकने के लिए तैयार है।

रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के रुके हुए प्रयासों को फिर से शुरू करने के उद्देश्य से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमरीकी दूतों के साथ तीन घंटे से अधिक समय तक बातचीत की। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन की स्थिति को जटिल बताया।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी हवाई हमलों के बीच यह बैठक हुई है। ये ताजा राजनयिक प्रयास ऐसे समय में हो रहे हैं जब अमरीका संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से बातचीत को गति प्रदान करने की कोशिश कर रहा है।