Last Updated on September 5, 2026 1:05 am by INDIAN AWAAZ

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत विश्व का सबसे बड़ा खेल केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात के अहमदाबाद में विश्व पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में भारत खेल जगत के प्रमुख केंद्रों में से एक बनकर उभरेगा। इस प्रतियोगिता में भूटान, ब्रिटेन, चीन, बांग्लादेश, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया और अमरीका सहित 19 देशों के एथलीट भाग ले रहे हैं।
श्री शाह ने कहा कि भारत सभी प्रकार के खेलों के प्रशिक्षण के साथ-साथ खेल सुविधाओं और उपकरणों के उत्पादन का भी केंद्र बनेगा। गृहमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल अधिकतम पदक जीतना ही नहीं है, बल्कि ओलिम्पिक खेल, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, पुलिस खेल और अन्य ऐसी प्रतियोगिताओं में शामिल सभी खेलों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि 2030 के राष्ट्रमंडल खेल इन खेलों का शताब्दी संस्करण होगा और अहमदाबाद में इस आयोजन की मेजबानी होने पर उन्हें गर्व है।
