AMN / AGENCIES

लखीमपुर हिंसा के बाद किसानों से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के बारे में यूपी पुलिस ने स्थिति स्‍पष्‍ट कर दी है। पुलिस के मुताबिक प्रियंका गांधी को गिरफ्तार किया गया है। उनके लिए सीतापुर के पीएसी गेस्‍ट हाउस में अस्‍थाई जेल बनाई गई है। प्रियंका गांधी, हरियाणा से कांग्रेस के राज्‍यसभा सांसद दीपेन्‍द्र हुड्डा और कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष अजय लल्‍लू समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ पुलिस ने धारा 151, 107, 116 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी चार अक्‍टूबर की सुबह साढ़े चार बजे की गई थी। गिरफ्तारी के बाद उन्‍हें सीतापुर में पीएसी बटालियन के गेस्‍ट हाउस में रखा गया है। इस गेस्‍ट हाउस को उनके लिए अस्‍थाई जेल बनाया गया है।

चिदम्‍बरम ने बताया- गैरकानूनी और शर्मनाक

प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपना गुस्‍सा जताया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदम्‍बरम ने मुखर विरोध करते हुए कहा कि यह पूरी तरह गैरकानूनी और बेहद शर्मनाक है। उन्‍होंने कहा कि प्रियंका गांधी को सर्योदय से पहले साढ़े चार बजे एक पुरुष पुलिस अधिकारी द्वारा गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्‍हें अभी तक किसी ज्‍यूडिशियल मजिस्‍ट्रेट के सामने नहीं पेश किया गया। उन्‍होंने कहा कि बिल्‍कुल कानून के खिलाफ है।

मंगलवार की सुबह प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी के नाम एक वीडियो जारी किया था। इसमें उन्‍होंने मोबाइल पर लखीमपुर हिंसा से पहले किसानों को जीप से रौंदे जाने का एक कथित वीडियो दिखाते हुए पीएम से पूछा कि क्‍या आपने यह वीडियो देखा है? उन्‍होंने इस मामले में अब तक केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री अजय मिश्रा टेनी की बर्खास्‍तगी और उनके बेटे आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी न होने पर सवाल उठाया था। गौरतलब है कि आशीष मिश्रा के खिलाफ हत्‍या का केस दर्ज है।

इसके पहले मंगलवार की सुबह प्रियंका ने एक ट्वीट कर 28 घंटे से ज्‍यादा वक्‍त तक हिरासत में रखे जाने पर भी सवाल उठाया था। इसके थोड़ी देर बाद ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी बहन के समर्थन में ट्वीट किया। राहुल ने प्रियंका को सच्‍ची कांग्रेसी बताते हुए लिखा कि-वह डरने वाली नहीं हैं।