Last Updated on August 18, 2026 9:21 pm by INDIAN AWAAZ

AMN/ WEB DESK

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने आज अधिकारियों को आदेश दिया है कि जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अगले कुछ दिनों के भीतर व्यापक चिकित्सा जांच के लिए इस्लामाबाद के शिफा अंतरराष्ट्रीय अस्पताल में स्थानांतरित किया जाए। खबरों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक इमरान खान को अस्पताल में भर्ती कराने और उनके परिवार से मिलवाने की मांग वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। न्यायालय ने कहा कि इमरान खान के स्वास्थ्य और जीवन के अधिकार तथा चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्‍धता के आश्वासन को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया जा रहा है। न्यायालय ने अधिकारियों को इमरान खान और उनके परिवार के सदस्यों के बीच साप्ताहिक बैठकें सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। इमरान खान के निजी चिकित्सक और उनकी बहन उज़मा खान को शामिल करते हुए एक चिकित्सा बोर्ड गठित करने का आदेश भी दिया गया है।