Last Updated on August 10, 2026 9:21 pm by INDIAN AWAAZ

AMN/ WEB DESK

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण – ट्राई ने आज बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा-बीएफएसआई  क्षेत्र और सरकारी संस्थाओं के अलावा अन्य क्षेत्रों में कार्यरत संस्थाओं के लेनदेन और सेवा संबंधी कॉलों के लिए 1 6 0 1 श्रृंखला के नंबरों के उपयोग के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। ये सरकारी संस्थाएं   1 6 0 0 श्रृंखला के नंबरों का उपयोग कर रही हैं। संचार विभाग ने ट्राई को सूचित किया है कि उसने अब उपयोगिता, कूरियर और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों की संस्थाओं द्वारा इसी प्रकार की कॉलों के लिए विभाग द्वारा आवंटित 1 6 0 1 श्रृंखला के नंबरों का चरणबद्ध कार्यान्वयन शुरू कर दिया है। इसमें बिजली वितरण कंपनियां, जल उपयोगिता कंपनियां, शहरी गैस वितरण कंपनियां और एलपीजी वितरण कंपनियां शामिल हैं। इसमें कूरियर कंपनियां, एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स कंपनियां, पार्सल डिलीवरी सेवा प्रदाता, माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाता भी शामिल हैं।

यह अलग श्रृंखला महत्वपूर्ण वित्तीय वॉयस कॉलों को अन्य क्षेत्रों की सेवा और लेनदेन संबंधी कॉलों के साथ मिश्रित होने से बचाने के लिए जारी की गई है। मंत्रालय ने कहा है कि विशिष्ट नंबरिंग पहचान उपभोक्ताओं को वैध सेवा और लेनदेन संबंधी कॉलों की आसानी से पहचान करने में सक्षम बनाएगी, जिससे इस प्रकार के वॉयस-आधारित संचार में विश्वास मजबूत होगा।

1 6 0 1-सीरीज़ के नंबर टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं – टीएसपी द्वारा उचित सत्यापन के बाद सीधे पात्र संस्थाओं को आवंटित किए जाएंगे और इसके लिए टीएसपी को आदेश जारी होने की तारीख से 90 दिनों के भीतर पात्र संस्थाओं के माइग्रेशन और ऑनबोर्डिंग को पूरा करने के लिए कहा गया है।