ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ओमान दौरे के बाद और रूस जाने से पहले इस्लामाबाद जा सकते हैं। इससे अमरीका के साथ अप्रत्यक्ष वार्ता की संभावना बढ़ गई है। शुक्रवार को इस्लामाबाद पहुंचे श्री अराग़ची ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की।

इससे पहले श्री अराग़ची कल अमरीका के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए पाकिस्तान को अपनी मांगों की सूची साझा करने के बाद इस्लामाबाद से रवाना हो गए। उन्‍होंने कहा कि ईरान ने एक व्यावहारिक रूपरेखा प्रस्तुत की है। श्री अराग़ची ने अमरीका के कूटनीति के लिए प्रतिबद्ध होने पर सवाल उठाया। 

इस बीच, श्री अराग़ची के पाकिस्तान से रवाना होने के बाद अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमरीका के वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर अब ईरान के साथ वार्ता के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में, राष्ट्रपति ट्रम्प ने लम्‍बी यात्रा, अधिक लागत और ईरान की उच्च स्तरीय सहयोग की कमी का हवाला देते हुए वार्ताकारों की यात्रा रद्द की है। 

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस्लामाबाद में पाक सेना प्रमुख असीम मुनीर से की मुलाकात

ईरान के विदेश मंत्री अब्‍बास अराघची ने आज इस्‍लामाबाद में पाकिस्‍तान के सेना प्रमुख फील्‍ड मार्शल असीम मुनीर से मुलाकात की। ईरानी  दूतावास के सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के अनुसार इस बैठक में ईरान के उप-विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी और राजदूत रज़ा अमीरी मोघदम भी शामिल रहे। दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा है कि श्री अराघची ने सेना प्रमुख से मुलाकात की। हालांकि बातचीत का ब्‍यौरा नहीं दिया गया है। पाकिस्‍तान की ओर से इस बातचीत में गृह मंत्री मोहसिन नकवी और अन्‍य अधिकारी शामिल रहे।

श्री अराघची पाकिस्‍तानी नेताओं के साथ बातचीत करने के लिए कल इस्‍लामाबाद पहुंचे थे। अमरीका और ईरान के बीच सीधी बातचीत होने की अभी तक कोई पुष्टि नहीं है। अमरीका ने कहा है कि अमरीका के विशेष दूत स्‍टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनेर ईरान के साथ बातचीत के लिए आज पाकिस्‍तान जा रहे हैं।

अमरीका और ईरान के बीच पहले दौर की बातचीत 11 और 12 अप्रैल को हुई, जिसमें एक गतिरोध बन गया। ईरान के साथ युद्ध 28 फरवरी को अमरीका और इस्राएल के हमलों के साथ शुरू हुआ।