Last Updated on November 22, 2026 1:44 pm by INDIAN AWAAZ
AMN
गृह मंत्री अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए केंद्रीय और राज्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया है। उन्होंने स्थानीय खुफिया तंत्र को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। चीन के साथ अरुणाचल प्रदेश की लगभग 1,126 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा के सामरिक महत्व को देखते हुए श्री शाह ने सीमा सुरक्षा व्यवस्था और सीमावर्ती क्षेत्रों में सामरिक बुनियादी ढांचे के विकास की भी समीक्षा की।
श्री शाह ने कल ईटानगर के लोक भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राज्य में कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। गृह मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क संपर्क, सीमा चौकियों, हेलीपैड और दूरसंचार सुविधाओं के विस्तार पर भी बल दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों के लिए रोज़गार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जीवंत ग्राम यानि वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता बताई।
श्री शाह ने कहा कि मिशन कृषि वीर और मिशन अरुण हिमवीर के अंतर्गत विशेष दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए। इसके अंतर्गत सबसे पहले सुरक्षा बलों की आवश्यकताओं का आकलन किया जाए और फिर स्थानीय गांवों को उन जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किया जाए। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने गृह मंत्री के मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इन निर्देशों को लागू करने और प्रदेश के विकास में तेजी लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
