AMN
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर देश के नागरिकों और पूरे विश्व में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि करुणा के अवतार भगवान बुद्ध द्वारा दिए गए अहिंसा, प्रेम और दयालुता का संदेश मानव जाति के कल्याण का मूल आधार है।
उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के आदर्शों ने समानता, सद्भाव और सामाजिक न्याय के शाश्वत मूल्यों में हमारे विश्वास को सशक्त बनाया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि उनकी शिक्षाएंँ नैतिकता के आधार पर जीवन जीने के लिए लोगों को प्रेरित करती हैं।
राष्ट्रपति ने लोगों से भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा एक शांतिपूर्ण, सामंजस्यपूर्ण और विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की कामना की।