Last Updated on November 4, 2026 2:25 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

वाशिंगटन: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस के दोनों सदनों-सीनेट और प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल कर लिया है। इस जीत को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

चुनावी अनुमानों के मुताबिक, डेमोक्रेटिक पार्टी ने 100 सदस्यीय सीनेट में 54 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और ऊपरी सदन पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। वहीं, प्रतिनिधि सभा में भी पार्टी ने बहुमत के लिए जरूरी 218 सीटों से अधिक यानी 224 सीटें जीत ली हैं। रिपब्लिकन पार्टी को अब तक 135 सीटें मिली हैं। हालांकि, मतगणना अभी जारी है।

डेमोक्रेटिक पार्टी ने कई ऐसे राज्यों में भी बड़ी जीत दर्ज की है, जिन्हें परंपरागत रूप से रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। दक्षिण कैरोलिना में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और चिकित्सक एनी एंड्रयूज ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डार्लिन ग्राहम को हराकर सीनेट सीट जीत ली। इस राज्य में 1998 के बाद पहली बार किसी डेमोक्रेट उम्मीदवार ने सीनेट चुनाव जीता है।

पड़ोसी राज्य नॉर्थ कैरोलिना में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और पूर्व गवर्नर रॉय कूपर ने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइकल व्हाटली को पराजित कर अपनी पार्टी को एक और महत्वपूर्ण सीट दिलाई।

टेक्सास में भी डेमोक्रेटिक पार्टी ने बड़ा उलटफेर किया। यहां पार्टी के उम्मीदवार और पादरी जेम्स तलारिको ने रिपब्लिकन उम्मीदवार एवं राज्य के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन को हरा दिया। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि टेक्सास में डेमोक्रेटिक पार्टी ने 1994 के बाद से कोई राज्यव्यापी चुनाव नहीं जीता था।

ओहायो में डेमोक्रेट शेरोड ब्राउन ने मौजूदा रिपब्लिकन सीनेटर जॉन हस्टेड को हराया, जबकि कंसास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और पादरी एडम हैमिल्टन ने मौजूदा रिपब्लिकन सीनेटर रोजर मार्शल को शिकस्त दी।

डेमोक्रेटिक पार्टी ने मिशिगन, आयोवा और मेन समेत कई अन्य राज्यों में भी सीनेट की सीटें रिपब्लिकन पार्टी से छीन लीं। मिशिगन में अब्दुल एल-सईद की जीत का अनुमान है। इसके साथ ही वह अमेरिकी इतिहास में पहले मुस्लिम सीनेटर बन जाएंगे।

ट्रंप बोले, चुनाव नतीजे स्वीकार करेंगे

चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स से कहा कि वह चुनाव परिणामों को स्वीकार करेंगे। फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी की हार को अपने लिए व्यक्तिगत झटका मानने से भी इनकार किया।

इस चुनाव में प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों, सीनेट की 100 में से 35 सीटों और 36 राज्यों के गवर्नर पदों के लिए मतदान हुआ था।

डेमोक्रेटिक पार्टी की इस बड़ी जीत से अमेरिकी राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव आने की संभावना है। कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण मिलने से डेमोक्रेट्स को ट्रंप प्रशासन की नीतियों की निगरानी करने, उसके फैसलों पर सवाल उठाने और विधायी एजेंडे को चुनौती देने की अधिक ताकत मिलेगी। राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल के शेष दो वर्षों में इसका व्यापक राजनीतिक प्रभाव देखने को मिल सकता है।