Last Updated on November 16, 2026 11:01 pm by INDIAN AWAAZ

इंद्र वशिष्ठ
सीबीआई ने ड्रग्स के मामले में फंसा कर जेल भेज देने की धमकी दे कर पचास लाख रुपए रिश्वत मांगने वाले नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सब- इंस्पेक्टर अजीत सिंह मीणा और सब- इंस्पेक्टर सुमित कुमार को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने शाहजहाँ पुर उत्तर प्रदेश में मेडिकल स्टोर चलाने वाले अमीन शुक्ला की शिकायत पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, दिल्ली जोनल यूनिट के सब- इंस्पेक्टर अजीत सिंह मीणा के ख़िलाफ़ 14 नवंबर को एफआईआर दर्ज की। आरोप है कि सब- इंस्पेक्टर अजीत सिंह मीणा ने शिकायतकर्ता को एनडीपीएस एक्ट के मामले में न फंसाने के बदले 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
वेरिफिकेशन के दौरान पता चला कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर/जांच अधिकारी अजीत सिंह मीणा ने 25 लाख रुपये की मांग की और रिश्वत की रकम की पहली किश्त के तौर पर 12 लाख रुपये लेने पर सहमति जताई। सीबीआई ने 14 नवंबर को मुनीरका मेट्रो स्टेशन के पास एक जाल बिछाया और आरोपी सब-इंस्पेक्टर/जांच अधिकारी अजीत सिंह मीणा को शिकायतकर्ता से, एनसीबी के ही अपने साथी सब-इंस्पेक्टर सुमित कुमार के जरिए 12 लाख रुपये रिश्वत मांगते और लेते हुए पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को सक्षम अदालत के सामने पेश किया गया, जिसने दोनों को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
शिकायतकर्ता अमीन शुक्ला को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की दिल्ली जोनल यूनिट से सितंबर 2026 में एक नोटिस डाक से मिला। जिसमें ‘डाइसाइक्लोमाइन ट्रामाडोल कैप्सूल से जुड़े दस्तावेज मांगे गए थे। इसके बाद, शिकायतकर्ता ने जरूरी दस्तावेज डाक के जरिए उनके कार्यालय भेज दिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 07.10.2026 को सब-इंस्पेक्टर/जांच अधिकारी अजीत सिंह मीणा अपनी टीम के साथ उसकी दुकान पर आया और उसे फिर से नोटिस दिया। शिकायतकर्ता ने उन्हें बताया कि वह पहले ही अपना जवाब और दस्तावेज जमा कर चुका है, लेकिन अजीत सिंह मीणा ने इस बात को नजरअंदाज कर दिया और उसे दिल्ली आकर पेश होने का निर्देश दिया।
सब- इंस्पेक्टर अजीत सिंह मीणा ने उसे धमकाया और कहा कि तुम्हें
कि कम से कम दस साल के लिए जेल भेज दिया जाएगा।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि अजीत सिंह मीणा ने व्हाट्सएप के जरिए उससे 50 लाख रुपये की मांग की, ताकि उसे इस मामले में न फंसाया जाए।
