Welcome to The Indian Awaaz   Click to listen highlighted text! Welcome to The Indian Awaaz

मुंबई: अभिनेता सैफ अली खान पर उनके घर में घुसकर हमला करने के आरोपी को मुंबई पुलिस ने ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मजदूरों के बीच एक झोपड़ी में रुका हुआ था। आरोपी की पहचान मोहम्मद आलियान उर्फ विजय दास के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। आरोपी ठाणे की एक बार में हाउसकीपिंग वर्कर के रूप में काम करता था।

पुलिस के अनुसार, ठाणे में पकड़ा गया आरोपी वही व्यक्ति है जो सैफ अली खान पर हुए हमले के लिए वॉन्टेड था। अब उसे बांद्रा लाकर पुलिस पूछताछ करेगी। सैफ अली खान के घर की सीढ़ियों से उतरते हुए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को देखा गया था। उसके पोस्टर मुंबई और आसपास के जगहों पर पुलिस ने लगाए थे, ताकि उसे गिरफ्तार किया जा सके।

इससे पहले शनिवार को सैफ अली खान पर हुए हमले से जुड़े एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने मुंबई से भी दो लोगों को हिरासत में लिया था।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग से भी हिरासत में है एक संदिग्ध 

शनिवार को पकड़े गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मुंबई पुलिस की टीम ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिए गए संदिग्ध की तस्वीर भी शेयर की थी। उसका नाम आकाश बताया जा रहा है। उसने स्थानीय पुलिस की पूछताछ में खुद को मुंबई का रहने वाला बताया था। आकाश को हिरासत में लिए जाने की जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस की टीम दुर्ग पहुंचकर संदिग्ध से पूछताछ करेगी।

16 जनवरी की रात करीब 2 बजे सैफ अली खान के घर में हमलावर घुसा था। जैसे ही सैफ के घर की महिला स्टाफ ने उसे देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर सैफ अली खान आए तो उस व्यक्ति से हाथापाई हुई, जिसके बाद उसने अभिनेता पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने सैफ पर चाकू से 6 वार किए। हमले में सैफ अली खान बुरी तरह से घायल हो गए। चाकू का एक हिस्सा एक्टर की रीढ़ के पास भी फंस गया था। मुंबई के लीलावती अस्पताल में सैफ अली खान को भर्ती करवाया गया था, जहां उनकी सर्जरी हुई। फिलहाल सैफ अली खान का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Click to listen highlighted text!