Last Updated on October 14, 2026 11:42 pm by INDIAN AWAAZ

AMN / नई दिल्ली
— लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को दिल्ली के इंडिया गेट पहुंचकर अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की और उन्हें समर्थन दिया। अंकिता का परिवार और विभिन्न राजनीतिक दल भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने का जोरदार विरोध कर रहे हैं।
राज्यपाल नियुक्ति पर सवाल: मृतका अंकिता भंडारी के माता-पिता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भावुक अपील की है कि जब तक इस हत्याकांड से जुड़े ‘VIP’ एंगल और मामलों की सीबीआई जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति पर रोक लगाई जाए।
परिवार का प्रदर्शन:
अंकिता की मां सोनी देवी और पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। परिवार का आरोप है कि इस हत्याकांड में दुष्यंत गौतम का नाम सामने आया था।
क्या है मामला?
उत्तराखंड के ऋषिकेश के पास 2022 में 19 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी, जिसने देश भर में भारी आक्रोश पैदा किया था।इस मामले के मुख्य दोषियों को पहले ही उम्रकैद की सजा मिल चुकी है, लेकिन हाल ही में राजनीतिक नियुक्तियों और कथित ‘VIP’ संलिप्तता को लेकर मामला फिर गरमा गया है।
