AMN

कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आज स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों (Undergraduate Medical Courses) में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) की पुन: परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, भारत के 5,440 केंद्रों और विदेशों में 14 केंद्रों पर 20 लाख से अधिक उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल हुए। यह परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी समेत 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी।

NTA ने बताया कि सभी उम्मीदवारों के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी, जिसमें 10,000 से अधिक दिव्यांग (PwD) परीक्षार्थी शामिल थे। इसके अलावा, गंभीर चिकित्सा स्थितियों से जूझ रहे लगभग 81 उम्मीदवारों के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए, जिनमें सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ एक छात्र और कीमोथेरेपी करा रहा एक अन्य छात्र शामिल है।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर आधार-आधारित बायोमेट्रिक और फेशियल ऑथेंटिकेशन, सीसीटीवी (CCTV) निगरानी, सिग्नल जैमर और राज्य पुलिस के सहयोग से दो-स्तरीय तलाशी (Two-layer frisking) लागू की गई थी। सीसीटीवी निगरानी के लिए NTA मुख्यालय, शिक्षा मंत्रालय, उच्च शिक्षा विभाग के तहत 34 केंद्रीय वित्त पोषित संस्थानों के साथ-साथ प्रत्येक राज्य और जिला कलेक्टरेट में कमांड और कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए थे।

NTA के अनुसार, इस परीक्षा का आयोजन केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), विदेश मंत्रालय, डाक विभाग, भारतीय वायु सेना और गृह मंत्रालय के सहयोग से किया गया। कई राज्य सरकारों ने भी छात्रों और अभिभावकों के लिए परीक्षा केंद्रों पर छाया, पीने का पानी, भोजन, एम्बुलेंस और स्टैंडबाय मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था की थी।

पुलिस कर्मियों, पर्यवेक्षकों और परीक्षा कर्मचारियों सहित लगभग सात लाख अधिकारियों को इस पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए देश भर में तैनात किया गया था। इस पूरी परीक्षा प्रक्रिया को रिकॉर्ड 37 दिनों में पूरा किया गया।