Last Updated on February 19, 2026 1:07 pm by INDIAN AWAAZ

AMN इंदौर/भोपाल

मध्य प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी सिंथेटिक ड्रग कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने इंदौर जिले के महू तहसील के अंतर्गत गांव थावलाय में चल रही एक गुप्त ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस तीन दिवसीय ऑपरेशन में CBN ने कुल 51.992 किलोग्राम हाई-क्वालिटी MD/मेथामफेटामिन जब्त की है।

CBN अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मौके से 43.820 किलोग्राम क्रिस्टल MD, 260 किलोग्राम से अधिक रसायन, तथा अत्याधुनिक मशीनें और उपकरण बरामद किए गए। जब्त की गई पूरी सामग्री को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत सीज किया गया है।

बस में तलाशी से शुरू हुआ ऑपरेशन

CBN को 13 फरवरी 2026 की रात नीमच शाखा को एक विशेष सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदसौर में एक बस को रोका और संदिग्ध यात्रियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो यात्रियों के पास से संदिग्ध बॉक्स बरामद किए गए, जिनमें से कुल 8.172 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामिन (MD) निकली।

दोनों आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे यह ड्रग एक गुप्त निर्माण इकाई से सीधे ला रहे थे।

महू के पास मिली गुप्त फैक्ट्री

आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर CBN ने नीमच, उज्जैन, जावरा और मंदसौर शाखाओं की संयुक्त टीम बनाकर रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। 14 फरवरी की सुबह टीम को महू के पास एक संदिग्ध परिसर मिला, जो दिए गए विवरण से मेल खाता था।

हालांकि, परिसर में तेज रसायनिक धुएं और बदबू के कारण स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए टीम ने तुरंत प्रवेश नहीं किया। इसके बाद PPE (सुरक्षा उपकरण) के साथ विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया।

अत्याधुनिक मशीनों से चल रहा था ड्रग निर्माण

CBN को मौके पर एक पूरी तरह से सक्रिय सिंथेटिक ड्रग लैब मिली, जिसमें आधुनिक मशीनें और प्लांट सिस्टम लगे हुए थे। मशीनों को खोलने और जब्त करने के लिए गवर्नमेंट ओपियम एंड अल्कलॉइड वर्क्स (GOAW), नीमच से विशेषज्ञों की मदद ली गई।

GOAW की इंजीनियर और केमिस्ट टीम 15 फरवरी की रात मौके पर पहुंची और मशीनों को तकनीकी रूप से खोलकर CBN ने जब्त कर लिया। कार्रवाई 15 फरवरी की सुबह पूरी हुई।

दो आरोपी गिरफ्तार, मकान मालिक हिरासत में

CBN ने मंदसौर के BPL चौराहा से पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, जिस मकान में यह अवैध लैब चल रही थी, उसके मालिक को भी हिरासत में लिया गया है।

CBN ने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है और सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

CBN ने जताया संकल्प

CBN अधिकारियों ने बताया कि यह ऑपरेशन मध्य प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी सिंथेटिक ड्रग लैब कार्रवाई मानी जा रही है। एजेंसी ने दोहराया कि देश को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।