Welcome to The Indian Awaaz   Click to listen highlighted text! Welcome to The Indian Awaaz
Image

AMN / WEB DESK

कांग्रेस ने आज कर्नाटक में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के नाम का एलान कर दिया। पार्टी ने सिद्धारमैया को एक बार फिर से कर्नाटक की कमान सौंपी है। वहीं डीके शिवकुमार प्रदेश के इकलौते उपमुख्यमंत्री होंगे। साथ ही वो लोकसभा चुनाव तक कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सभी से चर्चा करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने ये फैसला लिया है कि सिद्धारमैया जी को कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। वहीं डीके शिवकुमार कर्नाटक के एकलौते उपमुख्यमंत्री होंगे।

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि शिवकुमार संसदीय चुनाव के अंत तक … अध्यक्ष के रूप में बने रहेंगे। 20 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ ही मंत्रियों का एक समूह भी उस दिन शपथ ही लेगा। वहीं इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कहा, ‘‘टीम कांग्रेस कर्नाटक के लोगों की प्रगति, कल्याण और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, हम 6.5 करोड़ कन्नडिगाओं से वादा किए गए 5 गारंटी को लागू करेंगे।‘‘

वहीं इससे पहले डीके शिवकुमार ने कह दिया था कि वह कोई पद पाने के लिए पार्टी को न धोखा देंगे, न पार्टी को ब्लैकमेल करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘अब 20 सीटें (लोकसभा चुनाव में) जीतना हमारी अगली चुनौती है… हमारी पार्टी एकजुट है और मैं किसी को बांटना नहीं चाहता… मैं ज़िम्मेदार शख्स हूं… मैं न पार्टी को धोखा दूंगा, न पार्टी को ब्लैकमेल करूंगा।‘‘

वहीं कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन ने बताया कि कल रात 1 बजे तक पार्टी अध्यक्ष खड़गे साहब बातचीत करते रहे। सबसे बातचीत की गई है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी बात हुई है। हम सब मिलकर पांच साल तक सरकार चलाएंगे। उन्होंने कहा कि डीके शिवकुमार खुश हैं, कोई शिकायत नहीं है। 20 तारीख़ को शपथ ग्रहण होगा।

Click to listen highlighted text!