Last Updated on August 24, 2025 12:18 am by INDIAN AWAAZ

इसरो का जियो-पोर्टल किसानों को मौसम और फसल योजना में मदद करेगा: कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने सूखे, वर्षा और मौसम के बारे में सटीक जानकारी देने वाला एक जियो-पोर्टल विकसित किया है। इससे किसानों को अपनी फसलों की योजना अधिक प्रभावी ढंग से बनाने में मदद मिलेगी। श्री चौहान ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह के सत्र को वर्चुअल माध्‍यम से संबोधित करते हुए किसानों के लिए यह पोर्टल विकसित करने पर भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की सराहना की।

उन्‍होंने उपग्रह आधारित रिमोट सेंसिंग प्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार को अब फसल नुकसान के सटीक आंकड़े मिलते हैं। श्री चौहान ने कहा कि यह तकनीक फसल बीमा योजना के अंतगर्त किसानों को सही मुआवजा दिलाने में भी मदद करती है। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय वैज्ञानिक फसलों की तस्वीरों का विश्लेषण करके उसमें लगने वाले कीड़ों का पता लगाने वाली एक नई तकनीक पर काम कर रहे हैं।

श्री चौहान ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान तापमान बढ़ने, तूफान, सूखे और आपदा प्रबंधन तथा फसलों के बचाव के संबंध में समय रहते चेतावनी देने में भी मदद करती है।