Last Updated on June 2, 2026 9:56 pm by INDIAN AWAAZ

Our Correspondent / New Delhi

CBSE सीबीएसई कक्षा 12 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बने रांची के छात्र सार्थक सिद्धांत ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi से उनके जनपथ स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उनकी मां, चाचा और छोटा भाई भी मौजूद थे।

यह मुलाकात उस समय हुई जब सार्थक हाल ही में सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के मामले में संसदीय शिक्षा संबंधी स्थायी समिति के समक्ष अपना पक्ष रख चुके हैं। उनकी शिकायतों और प्रयासों ने देशभर में शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा मूल्यांकन की पारदर्शिता पर नई बहस छेड़ दी है।

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने 17 वर्षीय सार्थक को इस मुद्दे को सामने लाने के लिए बधाई दी और उनकी साहसिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में संभावित खामियों को उजागर करना आसान नहीं होता, लेकिन सार्थक ने हिम्मत और दृढ़ता के साथ अपनी बात रखी।

सार्थक की कहानी संघर्ष और संकल्प की मिसाल मानी जा रही है। हाल ही में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था। उनकी मां रांची में एक छोटा-सा प्ले स्कूल चलाती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद सार्थक ने कथित मूल्यांकन विसंगतियों के खिलाफ आवाज उठाई, जिसने धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया।

राहुल गांधी ने दिया समर्थन का भरोसा

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने सार्थक और उनके परिवार को भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद महत्वपूर्ण है और इस दिशा में युवाओं की आवाज सुनी जानी चाहिए।

सार्थक सिद्धांत का मामला अब केवल एक छात्र की शिकायत नहीं रह गया है, बल्कि यह देश की परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग का प्रतीक बनता जा रहा है। शिक्षा जगत, अभिभावकों और छात्रों के बीच इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा जारी है।