Last Updated on August 28, 2026 7:16 pm by INDIAN AWAAZ
43 लाख रुपये नकद और 90 लाख के गहने बरामद

इंद्र वशिष्ठ,
सीबीआई ने 40 लाख रुपये रिश्वत लेने के मामले में महाराष्ट्र के रायगढ़ ज़िले में सीजीएसटी के एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कंठेती (आईआरएस -2009) , सुपरिटेंडेंट राकेश कुमार सिन्हा और नरेंद्र राजपूत (निजी व्यक्ति) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी के दौरान 43 लाख रुपये नकद और लगभग 90 लाख रुपये की कीमत के गहने बरामद किए गए।
सीबीआई ने 26 अगस्त 2026 को सीजीएसटी के आरोपी सुपरिटेंडेंट के ख़िलाफ़ यह मामला दर्ज किया था। आरोप था कि उन्होंने शिकायतकर्ता की पत्थर की खदान वाली फ़र्म से जुड़े जीएसटी /रॉयल्टी के मामले को निपटाने के लिए 1.50 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के बाद, यह मांग घटाकर 40 लाख रुपये कर दी गई। आरोपी सरकारी अधिकारियों ने एक प्राइवेट व्यक्ति के ज़रिए रिश्वत की रक़म लेने का इंतज़ाम किया था और शिकायतकर्ता को उसी के अनुसार निर्देश दिए थे। सीबीआई ने जाल बिछाया और प्राइवेट व्यक्ति नरेंद्र राजपूत को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। बाद में, आरोपी सुपरिटेंडेंट राकेश सिन्हा और एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कंठेती, दोनों ने रिश्वत की रक़म लेने की बात स्वीकार की। तीनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया। आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी के दौरान 43 लाख रुपये नकद और लगभग 90 लाख रुपये की कीमत के गहने बरामद किए गए।
