Last Updated on November 29, 2026 12:57 pm by INDIAN AWAAZ
AMN/ WEB DESK
झारखंड के रामगढ़ जिले में आज एक सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा रांची-पटना हाईवे पर पैंकी गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने एक दूसरे वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में मारे गए सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति ने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी झारखंड के रामगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया संदेश में श्री मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि झारखंड के रामगढ़ जिले में आज एक तेज रफ्तार एसयूवी की दूसरी गाड़ी से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई।
