Last Updated on November 8, 2026 1:49 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों से हर समय पूरी तरह तैयार रहने और अपनी सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि बदलती सुरक्षा चुनौतियों के बीच साइबर सुरक्षा, तकनीकी जानकारी और सही सूचनाओं पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। दीपावली की पूर्व संध्या पर पश्चिम बंगाल के बागडोगरा वायुसेना स्टेशन में भारतीय वायुसेना के जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि अब युद्ध केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रह गया है। इसमें ड्रोन हमले, साइबर हमले और सोशल मीडिया के जरिए गलत सूचनाएं फैलाना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि दुश्मन देश सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाकर स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों के बीच अविश्वास फैलाने करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में जवानों को स्थानीय लोगों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने और उनका विश्वास जीतने पर ध्यान देना चाहिए। अग्निवीरों के लिए ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को कैबिनेट की मंजूरी का जिक्र करते हुए श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इससे अग्निवीरों को देश की सेवा करने का एक और अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि दो साल की सेवा पूरी करने के बाद सभी अग्निवीर अपनी इच्छा और तय चयन प्रक्रिया के अनुसार नियमित सैनिक के रूप में भर्ती होने के पात्र होंगे।

रक्षा मंत्री ने इसे जवानों के लिए दीपावली का विशेष उपहार बताया। उन्होंने वायुसेना के जवानों और उनके परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही त्योहारों के दौरान घर से दूर रहकर देश की सेवा करने वाले जवानों के योगदान की सराहना की। रक्षा मंत्री ने बागडोगरा वायुसेना स्टेशन को देश की सुरक्षा, खासकर पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए वायुसेना की सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि देश के स्टार्टअप और उद्योग ड्रोन, ड्रोन रोधी प्रणाली और आधुनिक सैन्य उपकरणों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने सशस्त्र बलों से स्वदेशी तकनीक अपनाने और ड्रोन तथा साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अपनी क्षमताएं बढ़ाने का भी आह्वान किया।