Last Updated on February 19, 2026 10:46 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

भारत और स्वीडन ने आज हरित प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और विकास में सहयोग मजबूत करने और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता रूपरेखा के अन्‍तर्गत जुड़ाव को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्‍त की। नई दिल्ली में स्वीडन की उप प्रधानमंत्री एब्बा बुश के साथ बैठक में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विशाल बाजार और निवेशक-अनुकूल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश व्‍यवस्‍था से समर्थित एक प्रमुख वैश्विक निवेश स्‍थल के रूप में भारत के बढ़ते महत्व का उल्‍लेख किया। श्री गोयल ने कहा कि भारत के कुशल युवा और स्वीडन की नवाचार क्षमता उन्हें टिकाऊ विकास के लिए स्वाभाविक साझेदार बनाती है। इससे पहले श्री गोयल ने फिनलैंड के प्रधानमंत्री आंति पेत्तरी ओरपो से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने कहा भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए सेवाओं, प्रौद्योगिकी और हरित ऊर्जा सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग करने के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है, जिससे भारत-फिनलैंड व्यापार और निवेश संबंधों को और अधिक मजबूती मिलती है।