Last Updated on January 28, 2026 8:19 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कहा कि भारत के विमानन क्षेत्र, सिर्फ एक दशक में ऐतिहासिक परिवर्तन का साक्षी बना है। हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर आज से शुरू हुए विंग्स इंडिया 2026 को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने अपने वीडियो संदेश कहा कि विमान निर्माण से लेकर उन्नत हवाई गतिशीलता और लीजिंग तक भारत खुद को विमानन अवसरों के देश के रूप में स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उड़ान योजना ने लगभग एक करोड़ 50 लाख यात्रियों को उन मार्गों पर उड़ान भरने में सक्षम बनाया है जो एक दशक पहले अस्तित्व में भी नहीं थे। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार है। यह इसकी विकास की गति और पैमाने को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने इस बात का उल्‍लेख किया कि भारत में हवाई यात्रा अब केवल विशिष्ट नहीं रही, बल्कि वास्तव में समावेशी बन रही है। इसके अलावा श्री मोदी ने कहा कि विंग्स इंडिया अब केवल एक शिखर सम्मेलन नहीं है, बल्कि भारत के विमानन पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य को आकार देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बन गया है।
एशिया का सबसे बड़ा नागरिक विमानन कार्यक्रम विंग्स इंडिया 2026 आज से शुरू हुआ और इस महीने की 31 तारीख तक चलेगा। चार दिवसीय इस कार्यक्रम में भारतीय विमानन क्षेत्र के विकास और वैश्विक उड़ान के भविष्य को प्रदर्शित किया जाएगा।