
AMN
भारत ने आज से चीनी नागरिकों को पर्यटक वीजा जारी करना फिर से शुरू कर दिया है, जो करीब पांच साल के अंतराल के बाद हो रहा है। बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि चीनी नागरिक अब ऑनलाइन आवेदन भरने, अपॉइंटमेंट शेड्यूल करने और व्यक्तिगत रूप से पासपोर्ट व अन्य जरूरी दस्तावेज बीजिंग, शंघाई और ग्वांगझो में स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्रों में जमा करने के बाद भारत के लिए पर्यटक वीजा प्राप्त कर सकते हैं।
यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब भारत और चीन दोनों देशों के बीच 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़पों के बाद बिगड़े संबंधों को सुधारने की कोशिशें जारी हैं। दोनों देशों ने इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा को पुनः शुरू करने का भी निर्णय लिया है। कोविड-19 महामारी और गलवान संकट के बाद से यह यात्रा और सीधी हवाई सेवाएं बंद थीं।
दोनों देशों ने यह भी स्वीकार किया है कि वर्ष 2025, जब भारत और चीन के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ होगी, आपसी विश्वास और समझ को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है। इसी क्रम में भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने इस महीने चीन का दौरा किया, जो पिछले पांच वर्षों में उनकी पहली यात्रा थी।
