AMN

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत देश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “रेखा गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उन्होंने दिल्ली के कल्याण हेतु कई अहम प्रयास किए हैं। उनके स्वस्थ और लंबी उम्र की कामना करता हूं।” केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की।

योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम से रेखा गुप्ता के उत्तम स्वास्थ्य और सफल जीवन की प्रार्थना की, वहीं भूपेंद्र पटेल ने उनके जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को सराहा।

रेखा गुप्ता आज अपने पैतृक गांव हरियाणा के नंदगढ़ (जिला जींद) पहुंची हैं। वहां उनका पारंपरिक स्वागत किया गया और एक विशाल जनसभा का आयोजन हुआ, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए। इस दौरान 16.80 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम और गांव के लोगों के लिए भोज का भी आयोजन किया गया।

19 जुलाई 1974 को जन्मीं रेखा गुप्ता जब दो साल की थीं तब उनका परिवार दिल्ली आ गया था। दौलत राम कॉलेज से बीकॉम और मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से एलएलबी करने के बाद उनका राजनीतिक सफर 1992 में ABVP से शुरू हुआ। वे दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की सचिव और अध्यक्ष रहीं, फिर 2002 में भाजपा से जुड़ीं। 2007 में पार्षद बनीं, और 2025 में शालीमार बाग से विधायक चुनी गईं। इसके बाद उन्होंने दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण उनकी प्राथमिकता रही है।