तुर्किए और सीरिया में आज तड़के आए 7 दशमलव 8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में 500 से अधिक लोग मारे गए हैं। तुर्किए में कम से कम 284 लोग मारे गए और 2 हजार 300 से अधिक घायल हुए हैं। सीरिया में कम से कम 237 लोगों के मारे जाने और 639 के घायल होने का समाचार है। मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका है। तुर्किए के उपराष्ट्रपति ने कहा है कि 10 शहरों में एक हजार 700 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

गाजियानतेप, कहरामनमरस, हाते, उस्मानिया, आदियामन, मालत्या, सैनलिउर्फा, अदाना, दियारबाकिर और किलिस शहर सबसे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। तुर्किए में आज आया भूकंप 100 से अधिक वर्षों में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। भूकंप से पूरा क्षेत्र प्रभावित हुआ है। सीरिया के सरकारी मीडिया ने कहा कि अलेप्पो प्रांत में बड़ी संख्या में इमारतें ढह गईं हैं। लेबनान और साइप्रस में भी झटके महसूस किए गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुर्किए में भूकंप से जान-माल के हुए नुकसान पर दुख व्‍यक्‍त किया है। श्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि भारत तुर्किए के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है और इस त्रासदी से निपटने के लिए हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भूकंप में जानमाल के नुकसान पर तुर्किए के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोग्लू के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। एक संदेश में डॉक्टर जयशंकर ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि भारत इस कठिन समय में तुर्किए के साथ है