
AMN
केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने विभिन्न राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के प्रशासनों से श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने का अनुरोध किया है। श्री गंगवार ने राज्य सरकारों के श्रम मंत्रियों को लिखे एक पत्र में कहा है कि कोरोना महामारी के प्रकोप को रोकने के लिए घोषित किए गए लॉकडाउन के संदर्भ में श्रमिकों के मुद्दों को सुलझाने के लिए केंद्र सरकार ने नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।
राज्य सरकारों के श्रम विभागों को इन नियंत्रण कक्ष के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दिहाड़ी मजदूरों और कामगारों की शिकायतों के निवारण के लिए स्थापित किए गए बीस नियंत्रण कक्षों के बारे में श्रम विभागों के अधिकारियों को अवगत कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजदूरों की शिकायतों का निवारण करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं।
