Last Updated on May 29, 2024 11:27 pm by INDIAN AWAAZ
AMN/ WEB DESK
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज मंडी संसदीय क्षेत्र के कुल्लू में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछली बरसात के मौसम में मंडी लोकसभा क्षेत्र में भीषण आपदा के कारण व्यापक क्षति हुई थी। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने आपदा राहत के लिए पर्याप्त प्रयास किये लेकिन केन्द्र सरकार ने कोई विशेष मदद नहीं दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था और सत्ता में आते ही इसे पूरा किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर काबू पाने में विफल रही है। उन्होंने अग्निवीर योजना को युवाओं के साथ धोखा बताया।
उधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की कुटलैहड़ विधानसभा में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव कांग्रेस या भाजपा का भविष्य तय करने का नहीं बल्कि जनता का भविष्य तय करने का है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने 60 साल के शासन के दौरान गरीबी समाप्त करने में विफल रही है। गडकरी ने कहा कि भाजपा ने प्रत्येक गांव को सड़कों से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में 900 करोड़ रुपये के लठियाणी-मंदली पुल का निर्माण भाजपा की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य हिमाचल को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित करना है।
