Last Updated on April 24, 2026 11:28 pm by INDIAN AWAAZ

सरकार ने कहा है कि देशभर में घरेलू एलपीजी आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और किसी भी वितरक के यहां आपूर्ति की कमी नहीं हुई है। नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति 70 प्रतिशत तक बहाल हो चुकी है और इस महीने अब तक एक लाख 47 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कल पांच किलो के 81 हजार से अधिक एलपीजी सिलेन्डर बेचे गये। सुश्री शर्मा ने बताया कि लगभग पांच लाख 27 हजार पीएनजी कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में निदेशक मंदीप सिंह रंधावा ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले किसी भी जहाज से जुड़ी कोई घटना दर्ज नहीं की गई है। मंत्रालय ने अब तक दो हजार सात सौ से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता की है। इनमें पिछले 24 घंटे में वापस लाये गये 49 नाविक शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय में अपर सचिव असीम महाजन ने बताया कि सरकार क्षेत्र में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के हरसंभव प्रयास कर रही है। श्री महाजन ने बताया कि 28 फरवरी से अब तक इस क्षेत्र से लगभग 12 लाख 38 हजार भारतीय स्वदेश आ चुके हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मंत्रालय पश्चिम एशिया संकट से संबंधित सभी घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रखे हुए है।
