AMN/ WEB DESK

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज बेल्जियम के ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ की स्टार्टअप, अनुसंधान और नवाचार आयुक्त एकातेरिना ज़ाहारिएवा से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने बताया कि इस दौरान स्वच्छ और हरित ऊर्जा प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान के अवसरों पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि नवाचार केंद्रों, स्टार्टअप और होराइजन यूरोप के साथ सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया।

डॉ. जयशंकर ने बेल्जियम की दो दिन की यात्रा के दौरान ब्रुसेल्स में उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मैक्सिम प्रीवोट के साथ भारत-बेल्जियम रणनीतिक संवाद के उद्घाटन सत्र की सह-अध्यक्षता भी की। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार और भारत-यूरोपीय संघ के सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि राजनीतिक, आर्थिक, निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, रक्षा, गतिशीलता और फार्मास्युटिकल क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा भी की गई। बैठक में बंदरगाहों, समुद्री परिवहन, सेमीकंडक्टर क्षेत्रों में अवसरों की खोज के साथ-साथ आपूर्ति शृंखला के लिए व्यापक सहयोग पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया सहित वैश्विक घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श किया।

इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के लिए यूरोपीय आयुक्त जोसेफ सिकेला से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने आवाजाही और त्रिपक्षीय भागीदारी और मजबूत करने पर चर्चा की।