Last Updated on August 27, 2026 10:22 pm by INDIAN AWAAZ
AMN/ WEB DESK
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और मानव कल्याण के लिए प्रेरणा देते हैं। अहमदाबाद में आज गुजरात विद्यापीठ के 72वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने युवाओं से 2047 तक राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। श्री शाह ने कहा कि गुजरात विद्यापीठ भारतीय ज्ञान परंपरा का एक प्रमुख उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषा में शिक्षा, बहुविषयक अध्ययन और कौशल आधारित विकास को प्राथमिकता दी गई है, जो महात्मा गांधी के विचारों के अनुरूप हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि खादी की बिक्री 2014 में 31 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर आज एक लाख 87 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।
दीक्षांत समारोह में 900 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जबकि 11 उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल और गुजरात विद्यापीठ के कुलाधिपति आचार्य देवव्रत सहित शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। श्री शाह ने इससे पहले अहमदाबाद के सर्किट हाउस में राष्ट्रमंडल और ओलंपिक खेलों के लिए भारत की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी की।
