Last Updated on February 7, 2026 12:50 am by INDIAN AWAAZ

भारत ने इंग्लैंड को सौ रन से हराकर छठी बार अंडर-19 वनडे क्रिकेट विश्व कप जीता।
वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक धमाका; 80 गेंदों में जड़े 175 रन
भारत ने अंडर-19 विश्व कप में अपना दबदबा कायम रखते हुए छठी बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। जिम्बाब्वे के हरारे में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी की मदद से 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए। 14 वर्षीय वैभव ने मात्र 80 गेंदों पर 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उन्होंने यूथ वनडे में सबसे तेज 150 रन (71 गेंद) बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी 53 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 311 रनों पर ही सिमट गई। भारत इससे पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में भी विश्व विजेता बन चुका है।
राष्ट्रपति मुर्मू का आह्वान: फिनटेक इकोसिस्टम में महिलाओं की भागीदारी बढ़े
भुवनेश्वर के ‘ब्लैक स्वान समिट’ में वित्तीय समावेशन पर दिया जोर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भुवनेश्वर में आयोजित ‘ब्लैक स्वान समिट’ को संबोधित करते हुए भारत के बढ़ते डिजिटल और फिनटेक विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिनटेक न केवल नवाचार बल्कि समावेशन और लैंगिक न्याय का माध्यम बनना चाहिए। राष्ट्रपति ने अधिक वित्तीय समावेशन, जिम्मेदारी से तकनीक के उपयोग और इस क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने रेखांकित किया कि आज लाखों भारतीयों के लिए फिनटेक एक अनिवार्य जीवनरेखा बन चुका है।
परीक्षा पे चर्चा: पीएम मोदी ने छात्रों को दिया ‘बड़े सपने देखने’ का मंत्र
बोले- “नंबर नहीं, संपूर्ण जीवन का विकास होना चाहिए शिक्षा का लक्ष्य”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 9वें संस्करण के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद किया। जारी वीडियो में पीएम ने परीक्षा के तनाव से निपटने के गुर सिखाए। उन्होंने छात्रों को हस्तियों की जीवनियां (बायोग्राफी) पढ़ने की सलाह दी, ताकि वे जान सकें कि सफल लोग भी कभी छोटे थे और चुनौतियों से गुजरे थे। पीएम ने कहा कि हर छात्र की अपनी विशिष्ट शैली होती है और उन्हें खुद पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केवल स्वयं के मूल्यांकन का तरीका है, जबकि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य जीवन को आकार देना है।
रक्षा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि: ‘अग्नि-3’ मिसाइल का सफल परीक्षण संपन्न
ओडिशा के चांदीपुर से दागी गई मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल
भारत ने आज ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से ‘अग्नि-3’ मिसाइल का सफल परीक्षण किया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सामरिक बल कमान की देखरेख में किए गए इस परीक्षण ने सभी परिचालन और तकनीकी मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया। यह परीक्षण नियमित प्रशिक्षण अभ्यास का हिस्सा था, जो भारत की मिसाइल मारक क्षमता और तकनीकी सटीकता की पुष्टि करता है।
संसद में गतिरोध: विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा सोमवार तक स्थगित
स्पीकर ओम बिरला बोले- अब तक सदन के 19 घंटे हुए बर्बाद
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और अन्य मुद्दों पर विपक्ष के भारी हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन शुरू होते ही कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके के सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों से गरिमा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि हंगामे के कारण अब तक सदन के 19 घंटे बर्बाद हो चुके हैं, जो देश की जनता की अपेक्षाओं के विरुद्ध है। हालांकि, राज्यसभा में कार्यवाही सुचारू रूप से चली और प्रश्नकाल व शून्यकाल बिना किसी बाधा के संपन्न हुए।
सीमा सुरक्षा और जवानों का कल्याण: गृह मंत्री अमित शाह का जम्मू दौरा
हीरानगर सेक्टर में सीमा चौकियों का किया निरीक्षण; तकनीक के आधुनिकीकरण पर जोर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हीरानगर सेक्टर का दौरा किया। उन्होंने गुरनाम और बोबियान सीमा चौकियों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और घुसपैठ रोकने के प्रबंधों का निरीक्षण किया। श्री शाह ने बीएसएफ जवानों के लिए नई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की और कहा कि सरकार मॉडल सिक्योरिटी को तकनीक के आधार पर आधुनिक बनाने के लिए भारी निवेश कर रही है। इसके बाद उन्होंने सुरक्षा समिति की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी की।
उत्तर प्रदेश: मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए बढ़ी समय सीमा
अब 6 मार्च तक जमा किए जा सकेंगे दावे और आपत्तियां
उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की समय सीमा को एक महीने के लिए बढ़ा दिया है। राजनीतिक दलों की मांग पर अब मतदाता 6 मार्च 2026 तक फॉर्म 6, 7 और 8 जमा करके अपने नाम जुड़वा सकते हैं या सुधार करवा सकते हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि इन दावों का निस्तारण 27 मार्च तक किया जाएगा और अंतिम सूची का प्रकाशन 10 अप्रैल को होगा।
PM मोदी का मलेशिया दौरा: कुआलालंपुर में ‘सलामत दातंग मोदी जी’ कार्यक्रम की धूम
भारतीय समुदाय के 15 हजार लोगों के बीच पहुंचेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा का मुख्य आकर्षण भारतीय समुदाय के साथ होने वाला विशाल कार्यक्रम ‘सलामत दातंग मोदी जी’ (स्वागत है मोदी जी) होगा, जिसमें लगभग 15 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। माइंस इंटरनेशनल एग्जीबिशन सेंटर में होने वाले इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की झलक और एलईडी डांस जैसे कई रंगारंग प्रदर्शन होंगे। इसके बाद रविवार को दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता और कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे।
