Last Updated on July 15, 2026 10:42 pm by INDIAN AWAAZ

प्रधानमंत्री मोदी भारत की पहली हाइड्रोजन रेलगाड़ी को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन पर जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन रेलगाड़ी को रवाना करेंगे। श्री मोदी जींद के एकलव्य स्टेडियम में लगभग 14 हजार 700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास और लोकार्पण करेंगे। 

प्रधानमंत्री दोपहर को चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सड़क अवसंरचना सहित 6 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे। श्री मोदी चंडीगढ़ के स्‍नातकोत्‍तर चिकित्‍सा शिक्षा और अनुसंधान संस्‍थान में आधुनिक मातृ और शिशु केंद्र तथा एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का भी लोकार्पण करेंगे।

प्रधानमंत्री जालंधर में यात्रियों की सुविधा में सुधार करने और क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति देने के लिए 5 हजार 470 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे। श्री मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जालंधर कैंट सहित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण भी करेंगे।