Last Updated on April 24, 2023 4:57 pm by INDIAN AWAAZ

AMN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न खेल स्पर्द्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये पूर्वोत्तर के खिलाड़ियों की सराहना की है। मणिपुर में खेल मंत्रियों के चिंतन शिविर में अपने वर्चुअल संबोधन में श्री मोदी ने देश की खेल परंपरा को आगे ले जाने में पूर्वोत्तर की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सहयोग देने और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनकी सफलता सुनिश्चित करने के लिये देश में खेल संबंधी बुनियादी ढांचे में सुधार पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिये केंद्र और राज्य सरकारों से साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया।
पिछले वर्ष विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा था और प्रधानमंत्री ने उनकी उपलब्धियों का उत्सव मनाए जाने पर बल दिया था।केन्द्रीय सूचना प्रसारण तथा युवा कार्य और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि केन्द्र, राज्यों और विभिन्न हितधारकों के बीच सहयोग-समन्वय, देश में खेलों को बढावा देने के लिए आवश्यक है। श्री ठाकुर ने खेलों में मणिपुर की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया अभियान के अंतर्गत सरकार देश के हर कोने में खेलों को बढावा देने का प्रयास कर रही है। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह भी उद्घाटन समारोह में उपस्थित थे।
