Last Updated on October 29, 2026 6:57 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल से गुजरात के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। श्री मोदी कल बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के अंतर्गत फेज़-2ए यानी हवाई अड्डे तक विस्तार और फेज़-2बी यानी गिफ्ट सिटी तक विस्तार की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त भी जारी करेंगे। इसके अंतर्गत किसानों को 19 हजार करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

श्री मोदी बनासकांठा में भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक और इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन यानी आईवीएफ प्रयोगशाला तथा भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर के पशु फार्म का भी दौरा करेंगे। इन केंद्रों से पशुओं की नस्ल सुधारने, बेहतर आनुवंशिक गुण विकसित करने और आधुनिक प्रजनन तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा। इससे नस्ल सुधार की प्रक्रिया 10 से 20 गुना तेज होने की उम्मीद है। इसके बाद प्रधानमंत्री एकता नगर, केवड़िया जाएंगे और भारत पर्व-2026 का उद्घाटन करेंगे।

शनिवार को श्री मोदी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वे एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इनमें सीवेज और जल शोधन संयंत्र, इमारतों पर विशेष रोशनी की व्यवस्था, नर्मदा घाट का उन्नयन और रेनफॉरेस्ट सहित अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भी भाग लेंगे।