इंद्र वशिष्ठ

दिल्ली पुलिस ने वर्ष 2022 में अपराध के तीन लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए हैं. लेकिन अपराध के पचास फीसदी से ज्यादा मामलों को पुलिस सुलझा ही नही पाई है. पिछले तीन साल के आंकड़ों से पता चलता है कि अपराध के साढ़े चार लाख से ज्यादा मामलों को सुलझाने में पुलिस नाकाम रही है.

पुलिस की अपराध को सुलझाने की दर पचास फीसदी से भी कम  है.इससे पता चलता है कि लोगों को अपना शिकार बनाने वाले लाखों अपराधी खुले घूम रहे हैं.राज्य सभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने  एमडीएमके के सांसद वाइको और आम आदमी पार्टी के सांसद नारायण दास गुप्ता द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में अपराध के यह आंकड़े दिए हैं.दिल्ली पुलिस ने वर्ष 2022 में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत अपराध के कुल 301882 मामले दर्ज किए हैं. पुलिस सिर्फ 137584 मामले ही  सुलझा पाई है. पुलिस ने 127552 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.वर्ष 2021 में आईपीसी के तहत अपराध के कुल 293303 मामले दर्ज किए गए. पुलिस सिर्फ 136609 मामले ही  सुलझा पाई है. पुलिस ने 134486 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.वर्ष 2020 में आईपीसी के तहत अपराध के कुल 250324 मामले दर्ज किए गए. पुलिस सिर्फ 114431 मामले ही सुलझा पाई. पुलिस द्वारा 114668 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इस तरह वर्ष 2020, 2021और 2022 में आईपीसी के तहत अपराध के कुल 845509 मामले दर्ज किए गए.

पुलिस इस अवधि में कुल 388624 मामलों को ही सुलझा पाई है. कुल 376706 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.इन आंकड़ों से पता चलता है कि दर्ज किए गए अपराध के आधे से ज्यादा मामलों में पुलिस अपराधियों का पता लगाने/ पकड़ने में नाकाम रही है.इससे पुलिस की कार्य प्रणाली और तफ्तीश करने की पेशेवर काबलियत पर सवालिया निशान लग जाता है.साल 2020, 2021और 2022 में शराब, जुए, आर्म्स एक्ट आदि जैसे अन्य अधिनियमों के तहत क्रमशः15746,13086 और 18392 मामले दर्ज किए गए. इन मामलों में 65161 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.वर्ष 2022 में बलात्कार के 2084 मामले दर्ज किए गए हैं. वर्ष 2021 में बलात्कार के 2076 मामले दर्ज किए गए थे. वर्ष 2018, 2019 और 2020 में बलात्कार के क्रमशः 2135, 2168 और 1699 मामले दर्ज किए गए थे . महिला का शील भंग करने के इरादे से उस पर हमला करने के अपराध (धारा 354) के वर्ष 2022 में 2509 मामले दर्ज किए गए हैं. वर्ष 2021 में  2551 मामले दर्ज किए गए थे. वर्ष 2018, 2019 और 2020 में  क्रमशः 3314 , 2921 और 2186 मामले दर्ज किए गए थे. 

महिला के शील का अपमान करने के अपराध (धारा 509) के वर्ष 2022 में 403 मामले दर्ज किए गए हैं. वर्ष 2021 में  440 मामले दर्ज किए गए थे. वर्ष 2018, 2019 और 2020 में  क्रमशः 599 , 495 और 434 मामले दर्ज किए गए थे. दिल्ली के लोग झपटमारों/चेन स्नैचरों से बुरी तरह आतंकित और त्रस्त हैं लेकिन पुलिस ने आंकड़ों की बाजीगरी से एक बार फिर साबित कर दिया है कि जंजीर झपटमारी के अपराध वर्ष 2022 में भी कम हुए हैं. पुलिस ने साल 2022 में जंजीर झपटमारी के सिर्फ 996 मामले दर्ज किए हैं. साल 2021 में 1133 मामले दर्ज किए गए थे. वर्ष 2018, 2019 और 2020 में  क्रमशः 1822 , 1604 और 1184 मामले दर्ज किए गए थे. वर्ष 2022 में डकैती के मामले भी कम दर्ज हुए हैं.

पुलिस ने साल 2022 में डकैती के 1808 मामले दर्ज किए हैं. साल 2021 में डकैती के 2333 मामले दर्ज किए गए थे. वर्ष 2018, 2019 और 2020 में डकैती के  क्रमशः 2444 , 1956 और 1963 मामले दर्ज किए गए थे. वर्ष 2022 में चोरी के मामले ज्यादा दर्ज हुए हैं. पुलिस ने साल 2022 में चोरी के 198263 मामले दर्ज किए हैं. साल 2021 में  190598 मामले दर्ज किए गए थे. वर्ष 2018, 2019 और 2020 में चोरी के  क्रमशः 188756 , 239719 और 169474 मामले दर्ज किए गए थे.