Last Updated on November 11, 2026 4:00 pm by INDIAN AWAAZ
AMN
स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने कोलंबो में बिम्सटेक देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक को संबोधित किया। उन्होंने आयुष्मान भारत, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और डिजिटल सेवाओं के जरिए सभी लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में भारत की प्रगति का उल्लेख किया।
श्री नड्डा ने स्वास्थ्य सुरक्षा, महामारी से बचाव, वन हेल्थ और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने बिम्सटेक देशों के साथ भारत का अनुभव साझा करने की प्रतिबद्धता भी जताई। उन्होंने गुजरात के जामनगर में पारंपरिक चिकित्सा के लिए बिम्सटेक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की भारत की योजना का भी उल्लेख किया। इससे संयुक्त शोध, प्रशिक्षण और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के विजन के अनुरूप भारत बिम्सटेक क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वर्ष 1997 में स्थापित बिम्सटेक में भारत सहित 7 देश शामिल हैं। इसका उद्देश्य दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के बीच सहयोग बढ़ाना है। 10 नवंबर को कोलंबो में हुई वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, कैंसर के इलाज, रोगों की निगरानी और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा हुई।
