AMN

उत्‍तराखण्‍ड में चमोली जिले के जोशी मठ में जखोला मोटर रोड पर आज तीसरे पहर यात्रियों को ले जा रहा एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्‍य घायल हो गए हैं। सभी गंभीर रूप से घायल लोगों को जोशीमठ के नजदीक के अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

जोशीमठ से पल्‍ला जखोला जा रहे इस वाहन से चालक नियंत्रण खो बैठा और यह जखोला मोटर रोड के पास गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर राज्‍य आपदा मोचन बल और पुलिस ने बचाव कार्य शुरू कर दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। श्री धामी ने दुर्घटना की न्‍यायिक जांच कराने तथा मृतकों के निकट परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने के निर्देश दिये हैं। घायल लोगों का नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए है।