Last Updated on October 16, 2023 6:21 pm by INDIAN AWAAZ

एस एन वर्मा
नई दिल्ली। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांगों के लिए सुविधाएं पहुंचाने और समावेशन को बढ़ावा देने तथा नेत्रहीनों के लिए आचरण नियमों के बारे में लोगों की जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज यहां विश्व सफेद छड़ी दिवस का आयोजन किया गया।
ज्ञात हो कि दृष्टि बाधित लोगों के लिए, सफेद छड़ी स्वतंत्रता और गतिशीलता की परिचायक है। यह स्वतंत्रता और आत्मविश्वास का प्रतिनिधित्व करती है। यह दृष्टिबाधित व्यक्ति को स्वतंत्र रूप से आवागमन और दैनिक कार्य पूरा करने में मदद करती है।
सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के तहत दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग (डीईपीडब्ल्यूडी) देश के दिव्यांग व्यक्तियों के विकास एजेंडे की देखभाल करने वाला नोडल विभाग है। जनता के बीच सफेद छड़ी के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने की दृष्टि से विभाग ने 30 से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार, वेबिनार, साक्षात्कार और रैली जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया। जागरूकता कार्यक्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के पूर्व प्रोफेसर और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ विशेष साक्षात्कार आयोजित किए गए, राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान ने रैली का आयोजन किया। इसी प्रकार अन्य राष्ट्रीय संस्थानों, सीआरसी और अन्य संबद्ध संस्थानों ने भी व्हाइट केन दिवस मनाया।
