Last Updated on March 25, 2026 11:56 pm by INDIAN AWAAZ

इंद्र वशिष्ठ,
सीबीआई ने मंगलवार को कश्मीरी गेट बस अड्डे की पुलिस चौकी के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर नीरज को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सब-इंस्पेक्टर नीरज ने बोतल बंद पानी बेचने वाले शिकायतकर्ता से 33 हजार रुपये महीना/मंथली रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता मुकेश गुप्ता ने 23 मार्च 2026 को सीबीआई में चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर नीरज के खिलाफ शिकायत की। शिकायतकर्ता कश्मीरी गेट बस अड्डे पर पानी की बोतलों का थोक विक्रेता है। वह पटरी/फुटपाथ पर अपना धंधा करता है। उसने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर नीरज पानी की बोतलें बेचने की अनुमति देने के बदले में, पानी की बोतलों की प्रत्येक पेटी पर 10 रुपये या मासिक रूप से 33,000 रुपये रिश्वत मांग रहा है।
सीबीआई ने आरोपों का सत्यापन किया, जिसमें यह पता चला है कि सब-इंस्पेक्टर नीरज शिकायतकर्ता को पानी की बोतलें बेचने की अनुमति देने के बदले में, पानी की बोतलों की पेटियों की बिक्री के आधार पर मासिक रूप से रिश्वत की मांग कर रहा है। सीबीआई ने 24 मार्च को सब-इंस्पेक्टर नीरज के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया। इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर नीरज को बीस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
