Last Updated on October 7, 2020 11:48 am by INDIAN AWAAZ

AMN

बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 27 उम्‍मीदवारों की सूची जारी की। प्रमुख उम्‍मीदवारों में कैबिनेट मंत्री प्रेम कुमार गया कस्‍बे विधानसभा क्षेत्र से और रामनारायण मंडल बाका क्षेत्र से चुनाव लड रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री विजय कुमार सिन्‍हा लखीसराय से और बृजकिशोर बिंद चैनपुर से चुनाव लडेंगे। हाल ही में पार्टी में शामिल शूटिंग चैम्पियन श्रेयषी सिंह जमुई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडेंगी।

भारतीय जनता पार्टी और जनता दल-यूनाइटेड ने अपने हिस्‍सेक कीं विधानसभा क्षेत्रों की सूची जारी कर दी है।
समझौते के अनुसार भारतीय जनता पार्टी 121 और जनता दल-यू 122 सीटों पर चुनाव लडेगा। जनता दल ने अपने सहयोगी हिन्‍दुस्‍तानी आवाम मोर्चा-हम को 7 सीटें दी हैं। हम के अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी इमामगंज विधानसभा से चुनाव लडेंगे।

जनता दल-यू, राष्‍ट्रीय जनता दल और कांग्रेस ने अभी अपने उम्‍मीदवारों की घोषणा नहीं की है। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की कल अंतिम तिथि है। 16 जिलों की 71 विधानसभा सीटों के लिए 28 अक्‍तूबर को मतदान होगा।