Last Updated on November 11, 2021 10:24 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

देश में राष्‍ट्रव्‍यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत अब तक कोविडरोधी वैक्‍सीन की 110 करोड़ 23 लाख से अधिक डोज दी जा चुकी है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने कहा है कि कल 52 लाख 69 हजार से अधिक डोज दी गई। देश में कल 13 हजार से अधिक लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई। इस समय एक लाख 39 हजार 556 कोविड मरीजों का इलाज चल रहा है जोकि 266 दिनों में सबसे कम है। कुल संक्रमितों में से इलाज ले रहे मरीजों की संख्‍या एक प्रतिशत से भी कम है। इस समय यह दर शून्‍य दशमलव चार शून्‍य प्रतिशत है, जोकि पिछले वर्ष मार्च से सबसे कम है।

मंत्रालय ने कहा है कि वर्तमान में संक्रमण से स्‍वस्‍थ होने की दर 98 दशमलव दो पांच प्रतिशत है जोकि पिछले वर्ष मार्च से सबसे अधिक है। कल 13 हजार से अधिक लोग स्‍वस्‍थ हुए। स्‍वस्‍थ होने वालों की कुल संख्‍या तीन करोड़ 38 लाख 925 के करीब पहुंच गई है।

साप्‍त‍ाहिक संक्रमण की दर इस समय एक दशमलव एक आठ प्रतिशत है जोकि पिछले 48 दिनों से दो प्रतिशत से कम है। दैनिक संक्रमण दर एक दशमलव एक शून्‍य प्रतिशत है जोकि पिछले 38 दिनों में दो प्रतिशत से कम है। कोविड महामारी से मरने वालों की संख्‍या चार लाख 61 हजार 849 हो गई है। कोविड संक्रमण से कल 460 लोगों की मृत्‍यु हुई। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने कहा है कि देश में अब तक 61 करोड़ 99 लाख से अधिक कोविड जांच की जा चुकी है। कल 11 लाख 89 हजार से अधिक जांचें की गई।