Last Updated on February 6, 2023 12:31 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता प्रचार में जुट गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज राज्य में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित अन्य नेता भी प्रचार के लिए त्रिपुरा पहुंच रहे हैं। राजनीतिक दल घोषणापत्र और वायदों के जरिए मतदाताओं को लुभाने के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस ने सत्ता में आने पर किसानों को 150 यूनिट मुफ्त बिजली देने और धान की खरीद में न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि करने का वादा किया है।

मेघालय में चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। राजनीतिक दल मतदाताओं से जुड़ने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। राज्य की 60 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल में सिर्फ दो दिन बचे हैं। मतदान 27 फरवरी को होगा।

नागालैंड में 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों के अलावा 12 राजनीतिक दल मैदान में हैं। राइजिंग पीपुल्स पार्टी, नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) और लोकजन शक्ति पार्टी (रामविलास) पहली बार मैदान में उतरेंगे। नागा पीपुल्स फ्रंट-एनपीएफ ने कुल 21 उम्मीदवारों की घोषणा की है। कांग्रेस ने 29 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। आम आदमी पार्टी 7 फरवरी को अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी, जो नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख भी है।