Welcome to The Indian Awaaz   Click to listen highlighted text! Welcome to The Indian Awaaz

AMN / लखनऊ

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार (15 मई) को लखनऊ में कहा कि चार चरण में हुए लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदाई तय कर दी है। उन्होंने कहा कि 4 जून को इंडिया गठबंधन नई सरकार बन रही है। ये टिप्पणियां कांग्रेस अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ यूपी की राजधानी में संयुक्त प्रेस वार्ता करते हुए की।

इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का दावा करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “चार चरण के चुनाव पूरे हो चुके हैं। इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है। जनता ने पीएम मोदी की विदाई तय कर दी है। पूरे देश का माहौल देखकर हम कह सकते हैं कि 4 जून को इंडिया गठबंधन नई सरकार बन रही है।”

उन्होंने कहा, “2024 का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण चुनाव है। ये लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। ये विचारधारा का चुनाव है। एक तरफ गरीबों के पक्ष में लड़ने वाली पार्टियां एक होकर लड़ रही हैं। दूसरी तरफ जो अमीरों के साथ रहकर अंधश्रद्धा और जो अपने को ठीक लगता है वैसे लोग धर्म के आधार पर लड़ रहे हैं।”

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ लड़ रहे हैं चुनाव: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “हमारी लड़ाई गरीबों की तरफ से है। जिन्हें एक वक्त का खाना नहीं मिलता, जिन्हें नौकरी नहीं मिलती। डिग्री-डिप्लोमा होने के बाद भी नौकरी नहीं मिल रही है। सरकार में इतनी नौकरियां खाली हैं, उन पदों को भी भरने के लिए केंद्र सरकार तैयार नहीं है।”

खड़गे ने आगे कहा, “इंडिया गठबंधन बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ लड़ रहा है। लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सबको काम करना चाहिए, नहीं तो हम गुलामी में चले जाएंगे। वोट का अधिकार सबको है। अगर लोकतंत्र ही नहीं रहेगा और अगर तानाशाही होगी तो आप कैसे वोट डालेंगे?”

खड़गे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने संविधान को बदलने की बात की थी। भाजपा के कई नेता संविधान बदलने की बात करते रहते हैं लेकिन इन सब लोगों को मोदी कभी नहीं मना करते हैं।

जातीय जनगणना हमारा एजेंडा

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम सत्ता में आने पर जातीय जनगणना करेंगे। इससे लोगों की सामाजिक, आर्थिक स्थिति का अंदाजा लग सके। ये हम देश को कमजोर करने के लिए नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमारे घोषणा पत्र के बारे में झूठ फैला रहे हैं। वो बताते हैं कि कांग्रेस लोगों की संपत्ति का सर्वे करवाएगी। उन्होंने पीएम मोदी पर तंज करते हुए कहा कि वो जितना कांग्रेस को गाली देते हैं उतना तो राम का नाम नहीं लेते हैं।

हम सत्ता में आएंगे तो पांच की जगह 10 किलो अनाज देंगे

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि देश के 80 करोड़ गरीबों को हम मुफ्त अनाज दे रहे हैं। उन्होंने ये नहीं बताया कि खाद्य सुरक्षा कानून तो हम लेकर आए। इंडिया गठबंधन की सरकार आएगी तो हम 10 किलो अनाज देंगे। हमने कर्नाटक में किया है तेलंगाना में किया है। प्रेसवार्ता के बाद खरगे अमेठी व रायबरेली में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। जबकि 17 मई को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की अमेठी व रायबरेली में संयुक्त सभा भी प्रस्तावित है।

भाजपा का झूठ जितना परवान चढ़ना था चढ़ चुका है

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का झूठ जितना परवान चढ़ना था चढ़ चुका है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने वाली है। 4 जून को प्रेस की स्वतंत्रता का दिन भी होगा। भाजपा 140 सीटें भी नहीं पा पाएगी। उनका रथ फंसा ही नहीं धंस गया है। वो अपने ही नकारात्मक नैरेटिव में फंस गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन यूपी में 79 सीटें जीत रहा है और क्योटो (काशी) में लड़ाई में है। 4 जून को किसानों की सरकार बनेगी। बेरोजगार युवाओं की सरकार बनेगी।

अखिलेश बोले- अपना वोट बर्बाद न करें बसपा के लोग

बसपा द्वारा इंडिया गठबंधन के खिलाफ प्रत्याशी चुनाव में उतारने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मैं यही अपील करूंगा कि बहुजन समाज के लोग जो बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर में आस्था रखते हैं, जो उनके बनाए हुए संविधान को बचाना चाहते हैं वे अपना वोट खराब न करें। इंडिया गठबंधन की मदद करें जिससे लोकतंत्र को मजबूत किया जा सके।

कांग्रेस अध्यक्ष बोले- भाजपा 200 पार नहीं कर पाएगी

कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल पूछने पर कहा कि भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए जितनी सीटें चाहिए वो हम लेकर आ रहे हैं। भाजपा 200 सीटें पार नहीं कर पाएगी।

आरक्षण खत्म करने के लिए 400 का नारा दे रही भाजपा

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि भाजपा 400 सीटें जीतने का नारा इसलिए दे रही है जिससे कि आरक्षण को खत्म किया जा सके। इंडिया गठबंधन की सरकार आएगी तो हम आरक्षण की सीमा बढ़ाएंगे और जो वर्तमान में है उसे जारी रखेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि बेरोजगारी एक मुद्दा है। भाजपा इस पर जवाब नहीं दे रही है इसलिए युवाओं में निराशा है। अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की इस पर सहमति है कि जो सरकारी पद खाली हैं उन्हें भरा जाएगा।

Click to listen highlighted text!