Last Updated on March 28, 2026 12:40 am by INDIAN AWAAZ
ईरान के हमले तेज करने के साथ पश्चिम एशिया में संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और सऊदी अरब सहित खाड़ी देशों पर खतरा बढ़ गया है। संयुक्त अरब अमीरात में वायु रक्षा प्रणालियों ने आज सुबह ईरान की छह बैलिस्टिक मिसाइलों और नौ ड्रोनों को रोका। इसमें कोई नुकसान नहीं हुआ है।
कुवैत पर भी सीधा हमला हुआ है। उसके प्रमुख समुद्री अवसंरचना पर हमला हुआ है। कुवैत शहर के शुवैख बंदरगाह और बुबियान द्वीप पर मुबारक अल-कबीर बंदरगाह पर ड्रोन और क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया। इससे भारी क्षति हुई, लेकिन किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। यह इस सप्ताह की शुरुआत में हुई उस घटना के बाद हुआ है, जिसमें एक हमले के कारण कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आग लग गई थी।
सऊदी अरब में रक्षा प्रणालियों ने पूर्वी प्रांत के ऊपर चार ड्रोनों को रोका। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की सऊदी अरब यात्रा पर हैं।
इस बीच, कई माध्यमों से शांति के लिए बातचीत चल रही है। जीसीसी के सेक्रेटरी-जनरल जासेम अल-बुदैवी ने खाड़ी देशों को बातचीत में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि वर्तमान कूटनीतिक कोशिशों से ईरान को ‘स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़’ में अपनी स्थिति मज़बूत करने का मौका मिल सकता है। जबकि मिसाइल और ड्रोन से खतरा अभी बना हुआ है। सऊदी अरब ने इस बयान का समर्थन किया है।
