Last Updated on May 4, 2023 8:23 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के दौरे पर हैं। वह कल बेल्लारी और तुमकुरु में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कई प्रमुख नेता भी आज राज्य में प्रचार कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जेवारगी में जनसभा को संबोधित किया और कलबुर्गी जिले के अफजलपुर में एक और जनसभा को सम्‍बोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बेलगावी जिले के निप्पानी में जनसभा को संबोधित किया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बेलगावी उत्तर, बेलगावी दक्षिण और बेलगावी ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं कीं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी आज कांग्रेस के लिए हुबली में प्रचार किया। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रमुख मुद्दों को लेकर बेंगलुरु में मीडिया को संबोधित किया। राज्य कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया आज अपने निर्वाचन क्षेत्र वरुणा में प्रचार कर रहे हैं। जनता दल-एस प्रमुख एच. डी. देवेगौड़ा हासन जिले में प्रचार कर रहे हैं।