Last Updated on May 2, 2023 10:02 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए जैसे जैसे मतदान का समय नजदीक आता जा रहा है सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कलबुर्गी में तीन जनसभाएं और एक मेगा रोड शो किया। श्री मोदी ने होसपेट में अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस ने आम लोगों का विश्वास खो चुकी है और कर्नाटक में केवल गारंटी के नाम पर झूठ ही बोल रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में डबल इंजन सरकार ने सामाजिक न्याय और सामाजिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए काम किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित है और लगभग 11 करोड़ किसान पीएम फसल बीमा योजना के तहत लाभ उठा रहे हैं।

सिंधनूर जनसभा में श्री मोदी ने कहा कि जनता दल सेक्‍युलर केवल एक परिवार के नाम पर वोट चाहती है, लेकिन दूसरी तरफ भाजपा जनता के लिए काम करना चाहती है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हनूर में एक जनसभा में कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, वोक्कालिगा और लिंगायत समुदायों के लिए आरक्षण कम नहीं होने देगी। इससे पहले आज प्रधानमंत्री मोदी ने चित्रदुर्ग में भी एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भी भाजपा के विकास कार्यों का मुकाबला नहीं कर सकती है। श्री मोदी ने मतदाताओं से डबल इंजन वाली सरकार के लिए मतदान करने की अपील की।

विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस और जनता दल सेक्‍युलर वंशवादी राजनीति और भ्रष्टाचार में शामिल हैं और इसका उद्देश्य समाज को विभाजित करना है। कर्नाटक के लोगों को दोनों दलों की राजनीति से सावधान रहना चाहिए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शिवमोग्गा में एक चुनावी रैली में कहा कि प्रधानमंत्री कर्नाटक में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार पर एक भी शब्द क्यों नहीं बोलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री कर्नाटक के बारे में कहने की बजाय, केवल अपने बारे में ही बात करते हैं। श्री गांधी ने आज दोपहर चिक्कमगलुरु में एक रोड शो किया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मांड्या में एक जनसभा को संबोधित किया और उनका राज्य के अन्य स्थानों पर तीन रोड शो में भाग लेने का कार्यक्रम है। इसके अलावा, पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल सेक्युलर के नेता एच डी देवेगौड़ा और उनके बेटे डी के कुमारस्वामी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं और रोड शो कर रहे हैं।