Last Updated on November 14, 2020 11:19 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

प्रकाश पर्व दीपावली आज पूरे देश में पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह त्योहार अज्ञानता रूपी अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाने का प्रतीक है। इस दौरान दो गज की दूरी–मास्क है जरूरी के मंत्र का भी पालन किया जा रहा है।

इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को बधाई दी है। श्री रामनाथ कोविंद ने एक संदेश में कहा कि विभिन्न धर्मों और संप्रदायों के लोगों द्वारा मनाए जाने वाले इस पर्व से देश के लोगों के बीच एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें मानवता की सेवा के लिए काम करने की प्रेऱणा देता है। श्री रामनाथ कोविंद ने आशा व्यक्त की है कि खुशहाली और प्रकाश का यह महान पर्व देश के प्रत्येक घर में सुख, शांति और समृद्धि लाएगा।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा है कि पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाने वाली दीपावली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भगवान राम के जीवन के श्रेष्ठ आदर्शों और मूल्यों के प्रति हमारे विश्वास को और मजबूत बनाता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक ट्वीट में आशा प्रकट की कि दीपावली का त्यौहार हमारे जीवन में प्रसन्नता और खुशहाली बढ़ाएगा। उन्होंने इस अवसर पर सभी लोगों समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।