AMN/ WEB DESK
भारत अपनी अंतरिक्ष यात्रा में एक बार फिर इतिहास रचने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष मिशन के हिस्से के रूप में अगले महीने एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र- आईएसएस के लिए उड़ान भरेंगे। भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैपटन शुभांशु शुक्ला एक्सियोम अंतरिक्ष मिशन एएक्स-4 का हिस्सा होंगे।
अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस मिशन के जरिये अपनी अंतरिक्ष यात्रा में भारत एक नया अध्याय लिखने जा रहा है।
आगामी महीनों में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो की भविष्य की महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा करने के लिए नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद डॉक्टर सिंह ने कहा कि देश अंतरिक्ष में अगला मील का पत्थर स्थापित करने के लिए तैयार है।
श्री सिंह ने आगामी मानव अंतरिक्ष उडान और इसरो के कई महत्वपूर्ण मिशनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गगनयान जैसी अंतरराष्ट्रीय और रणनीतिक गति की परियोजनाओं के साथ सहयोग अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में एक वैश्विक नेता बनने के प्रति भारत की वचनबद्धता को दर्शाता है।
डॉक्टर सिंह ने कहा कि ये प्रयास न केवल वैज्ञानिक बल्कि आत्मनिर्भर भारत और विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप भी है।