राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने आज यहां विज्ञान भवन में आयोजित 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में वर्ष 2015 के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। वित्त, कंपनी कार्य और सूचना तथा प्रसारण मंत्री श्री अरुण जेटली और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय फिल्में सही मायने में एकता और विविधता के भारतीय स्वरूप को प्रतिबिंबित करती हैं। उन्होंने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के विजेताओं को बधाई दी, जिनमें नए कलाकारों के साथ-साथ भारतीय सिनेमा के दिग्गज भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस साल के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार डिजिटाइजेशन एवं प्रौद्योगिकी समेत सिनेमा के समस्त पहलुओं को प्रतिबिंबित करते हैं।
राष्ट्रपति ने इस साल का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार श्री मनोज कुमार को प्रदान किया। श्री मनोज कुमार पुरस्कार विजेता अभिनेता एवं निदेशक हैं। वह हरियाली और रास्ता, वो कौन थी, हिमालय की गोद में, दो बदन, उपकार, पत्थर के सनम, नील कमल, पूरब और पश्चिम, रोटी, कपड़ा और मकान एवं क्रांति जैसी अपनी कई बेहतरीन फिल्मों के लिए याद किए जाते हैं। इस अवसर पर वित्त, कॉरपोरेट कार्य और सूचना तथा प्रसारण मंत्री श्री अरुण जेटली ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सही मायने में राष्ट्रीय हैं क्योंकि इनका चयन सर्वाधिक प्रतिष्ठित ज्यूरी द्वारा किया जाता है। उन्होंने कहा कि देश में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा को सम्मानित करने के लिहाज से राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार एक बेहतरीन मंच है।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। मशहूर अभिनेता व फिल्म निर्देशक मनोज कुमार को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री अरुण जेटली और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी मौजूद थे।
63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में अभिनेता अमिताभ बच्चन को फिल्म पीकू के लिए बेस्ट एक्टर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया है। अभिनेत्री कंगना रनौत को फिल्म तनु वेड्स मुन रिटर्न्स में बेहतरीन अदाकारी के लिए बेस्ट एक्ट्रेस के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एस. एस. राजामौली की निर्देशित फिल्म ‘बाहुबली : द बिगिनिंग’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। बाहुबली ने सर्वश्रेष्ठ विजुअल इफेक्ट्स के लिए भी राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है।
बजरंगी भाईजान ने बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होल्सम एंटरटेनमेंट का पुरस्कार जीता। संजय लीला भंसाली को बाज़ीराव मस्तानी के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला। इस फिल्म में अदाकारा तन्वी आज़मी को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया।
बाज़ीराव मस्तानी को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफी (सुदीप चटर्जी) का पुरस्कार भी दिया गया। दम लगाके हइशा फिल्म को सर्वश्रेष्ठ हिन्दी फिल्म का पुरस्कार मिला तो वहीं इसी फिल्म की गायिका मोनाली ठाकुर ने सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका का पुरस्कार जीता। नीरज घायवन को मसान के लिए इंदिरा अवॉर्ड फॉर बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ डायरेक्टर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
बता दें किराष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार फ़िल्मों के क्षेत्र में दिए जाने वाले भारत के काफी पुराने पुरस्कार हैं जो सन 1954 से दिए जा रहे हैं। यह पुरस्कार फीचर तथा गैर फीचर दोनों तरह की फिल्मों के लिए प्रदान किया जाता है। फीचर फिल्म खंड में 31 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाते हैं। गैर-फीचर फिल्म खंड में 22 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाते हैं।